संवाद सूत्र, राघोपुर(सुपौल): सिमराही बाजार स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी योग सेवा केंद्र में शनिवार को तनाव मुक्त सकारात्मक जीवनशैली को लेकर एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। मौके पर संस्था के मुख्यालय माउंट आबू से पधारे राजयोगी ब्रह्माकुमार भगवान भाई ने कहा कि सकारात्मक विचारों से तनाव मुक्ति संभव है। मन में चलने वाले लगातार नकारात्मक विचार वर्तमान में अनेक समस्याओं का कारण बनते हैं। मन के नकारात्मक विचारों से ही तनाव उत्पन्न होता है। तनाव से मुक्ति के लिए सकारात्मक विचारों की आवश्यकता है। उन्होंने सकारात्मक विचार को तनावमुक्त की संजीवनी बूटी की संज्ञा दी। कहा कि समस्या का चितन करने से तनाव की उत्पत्ति होती है। मन के विचारों का प्रभाव, वातावरण, पेड़-पौधों तथा दूसरे व स्वयं पर पड़ता है। यदि हमारे विचार सकारात्मक हैं तो उसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने बताया कि जीवन को रोगमुक्त दीर्घायु, शांत व सफल बनाने के लिए हमें सबसे पहले विचारों को सकारात्मक बनाना चाहिए। कहा कि सकारात्मक विचार से समस्या के समाधान में बदलाव आ जाता है। एक-दूसरे के प्रति सकारात्मक विचार रखने से आपसी भाईचारा बना रहता है। तनाव के कारण आपसी मतभेद टकराव बढ़ जाते हैं। वहीं मानसिक अशांति के वश होकर मनुष्य व्यसन, नशा डिप्रेशन के वश में हो जाता है। नकारात्मक विचार के कारण ही मन में गिरना नफरत और क्रोध उत्पन्न होता है। वहीं मुख्य अतिथि प्रो. बैद्यनाथ प्रसाद भगत ने कहा कि वर्तमान परिवेश में हर एक को किसी ना किसी बात का तनाव जरूर रहता है। ब्रह्माकुमारी द्वारा बताई गई इन बातों को अमल में लाकर आप अपने जीवन को तनावमुक्त कर सकते हैं। वहीं बबीता बहन ने पाग एवं माला से माउंट आबू से पधारे भगवान भाई का स्वागत किया। तराई क्षेत्र के प्रभारी राजयोगिनी रंजू दीदी ने तनाव प्रबंधन पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। मौके पर जनचेतना समिति के अध्यक्ष मनजीत कुमार स्वर्णकार, घनश्याम प्रसाद गुप्ता, विकास आनंद, सचिन कुमार सिंह, देवी दीदी, बिरेंद्र भाई, नगीना भाई, किशोर भाई, रीना दीदी, बिना बहन, मौसम वहन, सतीश कुमार, सुरेश भाई, सानू कुमार सहित भारी संख्या में अनुयायी मौजूद थे।